मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के खुखुंदवा स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र पर छात्रों की सूची जमा करने गए प्रधानाध्यपक की बाइक की डिकी का ताला तोड़कर चोरों ने रुपए और पासबुक उड़ा दिए। वह बैंक से पैसा निकालकर बीआरसी पहुंचे थे। घटना की जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
कोपागंज के सोड़सर निवासी रामदरश राय हिलसा प्राथमिक विद्यालय पर प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। बुधवार को उन्होंने कोपागंज एसबीआई से 60 हजार रुपए निकाले। उसके बाद उन्होंने पास के ही एचडीएफसी बैंक में 45 हजार रुपए जमा कर दिया। बाकी बचे 15 हजार रुपए और अपने पास पहले से रखे पांच हजार रुपए को एक बैग में रखकर बाइक की डिग्गी में रखकर बीआरसी पर चले गए। काम खत्म करने के बाद 1.30 बजे वह बाहर बाइक के पास पहुंचे, बाइक की डिग्गी का ताला टूटा देख वह सन्न रह गए। उसमें रखा 20 हजार रुपए नगद और पासबुक गायब मिला। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोपागंज एसओ को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस उसके आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।