मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के देवसीपुर गांव के दोहरे हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली है। पोस्टमार्टम में युवती और युवक दोनों को सिंगल शॉट बुलेट इंजरी की बात सामने आई है। घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब मौके की चश्मदीद मृतका की माता की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा को पास के ही गन्ने के खेत से बरामद कर लिया गया। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की पुष्टि के लिए केवल फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घटना में प्रयुक्त कथित रिवाल्वर और बरामद फायर हुए कारतूस को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पुलिस का मानना है कि घटना में वही असलहा इस्तेमाल हुआ है, क्योंकि उस पर भी खून के धब्बे पाए गए हैं। घटनास्थल से मिले खून और रिवाल्वर पर मिले खून की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।
इस बीच मृतक सुधाकर के पिता कैलाश राजभर अभी भी अपने पुत्र की हत्या की आशंका को लेकर अधिकारियों के यहां दौड़ लगा रहे हैं। उनका कहना है कि घटना के दिन उसे फोन करके बुलाया गया और मौके पर पहुंचा तो उसकी हत्या कर दी गई। इस बीच मृतक युवती के परिजनों की माने तो मृतका को खून का कैंसर था तथा उसका पीजीआई में इलाज भी चल रहा था।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह ने बताया कि घटना की चश्मदीद तारा देवी की निशानदेही पर बरामद असलहा, कारतूस और खून के धब्बे आदि की फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला खुल जाएगा। अभी तक मिले सबूतों, चश्मदीद बयान और घटना के कारणों से यह पूरी तरह से हत्या और आत्महत्या की ही घटना है।