स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरायगंगा पब्बी के समीप घोसी मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर मंगलवार की शाम एक बेकाबू पिकअप वाहन के धक्के से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार देवलास से मेला देखकर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद पिकअप वाहन चालक मौके से फरार हो गया।घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन फानन में घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरायसादी निवासी शिवमुनी पुत्र जीवधन 26 वर्ष विनोद पुत्र महेन्द्र 27वर्ष एक अपाचे मोटरसाइकिल से देवलास मेला देखने गये थे। शाम को दोनों मेला देख कर घर वापस लौट रहे थे कि घोसी की तरफ से तेज रफ्तार से जा रहे पिकअप वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दिया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही शिवमुनी पुत्र जीवधन की मौत हो गई। इस घटना में बाइक पर पीछे बैठा विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे घोसी कोतवाल नागेश उपाध्याय ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर हादसे की सूचना मिलते ही उनके घर पर मातम छा गया। परिवार के लोग घटना स्थल की ओर रवाना हो गए। घायल को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर पुलिस पिकअप वाहन चालक का पता लगा रही है। इस संबंध में कोतवाल नागेश उपाध्याय का कहना है कि पिकअप वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।