मऊ। स्थानीय बाजार निवासी बाइक सवार युवक की जेसीबी से टक्कर हो जाने से मौत हो गई जबकि उनका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़े भाई बाइक से छोटे भाई को परीक्षा दिलाने वाराणसी जा रहे थे। रतनपुरा गांव निवासी अभिषेक तिवारी 32 वर्ष पुत्र उत्तम तिवारी गाजीपुर डाकघर में लेखाकार के पद पर कार्यरत थे।वे सपरिवार गाजीपुर में ही रहते थे। बुधवार को अपने छोटे भाई आशुतोष तिवारी 25 वर्ष को बुलेट मोटरसाइकिल से लेकर वाराणसी परीक्षा दिलाने जा रहे थे। वे जैसे ही महाराजगंज बाजार पहुंचे वहां सड़क पर जेसीबी से कार्य हो रहा था। जेसीबी से बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चला रहे अभिषक की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि छोटा भाई आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाजार के लोगों ने तुरंत इस हादसे की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने परिजनों को सूचना दी पुलिस ने मृतक अभिषेक तिवारी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि आशुतोष को गाजीपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अभिषेक तिवारी के पिता उत्तम तिवारी मूल रूप से गाजीपुर जनपद के सुहवल गांव के निवासी हैं और रतनपुरा गांव में अपने ससुराल में निवासे पर रहते हैं।
अभिषेक की पत्नी प्रियंका तिवारी बस्ती जनपद में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। एक मात्र पुत्र अर्चित दो वर्ष का है। अभिषेक तिवारी की मां सुधा तिवारी समाज सेविका हैं। शिक्षिका बहन सोनम रोते बिलखते घर पहुंची। 70 वर्षीय नाना कैलाश तिवारी जवान नाती की मौत की सूचना पाकर बेहोश हो जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर बज्रपात हो गया। सभी परिवारी जन रोने बिलखने लगे। परिवार के लोग गाजीपुर के लिए रवाना हो गए।