संवाद न्यूज एजेंसी
दोहरीघाट। थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित नटवीर बाबा स्थान के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे पलट गई। मौके पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक सवार अपने बीमार जीजा को खाना पहुंचाकर लौट रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया, जबकि कार को थाने लेकर लाई। वहीं पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार धनौली रामपुर निवासी 45 वर्षीय सूर्यभान यादव शनिवार शाम गोरखपुर के बड़हलगंज स्थित दुर्गावती अस्पताल में भर्ती बहनोई को खाना पहुंचाने गए थे।
देर रात दस बजे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। अभी वह दोहरीघाट कस्बा स्थित नटवीर बाबा स्थान के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही सूर्यभान की मौत हो गई। वहीं कार सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि कार सवार बच गया। कार सवार सभी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
उधर, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूर्यभान छह भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में पत्नी सविता देवी और पुत्र 15 वर्षीय ओम यादव है।
मामले में दोहरीघाट थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने कार के चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।