दोहरीघाट, मऊ। थाना क्षेत्र के नवली गांव के पास रविवार सुबह 11 बजे ओवरटेक करने की कोशिश में दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों के साथ एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में चोट आई है। इलाज के लिए ले जाते समय बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों बाइक चालकों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। मृतक और घायल दोनों गोरखपुर के रहने वाले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज के खखराइचखोर निवासी 60 वर्षीय इसराइल किसी काम से बाइक से आजमगढ़ गए हुए थे। रविवार सुबह 11 बजे वह वापस गांव लौट रहे थे। इस बीच गोरखपुर के खैरवा निवासी 40 वर्षीय रामवीर बाइक से महिला रिश्तेदार को लेकर जा रहे थे। दोनों बाइक चालकों की टक्कर दोहरीघाट के नवली गांव के पास ओवरटेक करने के दौरान हो गई। हादसे के समय दोनों बाइकों की गति तेज थी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सहित नीचे आ गिरे। हेलमेट न पहने होने के चलते इसराइल और रामवीर के सिर में गंभीर चोट लगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को दोहरीघाट सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने इसराइल को मृत घोषित कर दिया जबकि रामवीर और महिला की गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आजमगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। इस मामले में दोहरीघाट एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद घायलों को हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया। इसराइल आजमगढ़ से बाइक से घर जा रहे थे। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के सीएचसी पर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामवीर और उसकी महिला रिश्तेदार को लेकर लोग आजमगढ़ चले गए।