कोपागंज। थाना क्षेत्र के वाजिदपुरा मोहल्ले में दुर्गंध की सूचना पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो अकेले रह रहे युवक की लाश सड़ी गली अवस्था में मिली। युवक की मौत चार से पांच दिन पहले होने की आशंका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसओ कोपागंज रविंद्रनाथ राय ने बताया कि वाजिदपुरा मोहल्ले के लोगों ने रविवार की दोपहर में सूचना दी कि हफीजुर्रहमान (38 ) के घर से दो दिन से भीषण दुर्गंध आ रही है। जब दुर्गंध दूसरे दिन भी बनी रही तो लोगों ने पुलिस को अवगत कराना जरूरी समझा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाने की कई बार कोशिश की, इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर जब पुलिस पहुंची तो चरपाई पर हफीजुर्रहमान (38 ) शव था।
हफीजुर्रहमान अकेले रहता था। अनुमान है कि मौत चार दिन पहले ही हो चुकी थी, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। हफीजुर्रहमान के तीन भाई और एक बहन थे, इनमें से दो भाई और बहन की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। एक भाई कहीं और मकान बनाकर रहता है। हफीजुर्रहमान की शादी नहीं हुई थी। वह अकेले जीवन बिता रहा था। इस संबंध में एसओ कोपागंज ने बताया कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।