बाहुबली मुख्तार अंसारी की मऊ कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी
- फोटो : PTI (File Photo)
गैंगस्टर एक्ट के मामले में आरोपी मुख्तार अंसारी की शुक्रवार को मऊ कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बांदा जेल से पेशी हुई। इस दौरान मुख्तार अंसारी ने प्रभारी विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट आसिफ इकबाल रिजवी से जेल में उच्च श्रेणी (बी क्लास) की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की। कहा कि वह लगातार पांच बार से विधायक है। बांदा जेल में एकांत में रखा गया है। बैरक में टीवी भी नहीं लगाई गई है। जेल मैनुअल के अनुसार टीवी उपलब्ध कराए जाने और जेल में उच्च श्रेणी (बी क्लास) की सुविधा मिलनी चाहिए।
इस दौरान मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया की उच्च श्रेणी की सुविधा प्रदान करने के बावत न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया है। जिस पर सुनवाई के लिए 17 जून की तिथि नियत है। प्रभारी विशेष न्यायाधीश ने विवेचक की ओर से गैंगेस्टर एक्ट में 60 दिन का रिमांड बढाए जाने का अनुरोध किया गया था।
जिसे स्वीकार करते हुए मुख्तार अंसारी की न्यायिक अभिरक्षा की रिमांड बढ़ा दिया। साथ ही अगली पेशी के लिए 9 अगस्त की तिथि नियत की। कोर्ट ने आदेश दिया कि जेल में उच्च श्रेणी की सुविधा प्रदान करने के लिए जो प्रार्थना पत्र लंबित है, उस पर सुनवाई के बाद आदेश पारित होगा।