मऊ। कोरोना संकट के चलते अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन में शामिल होने से वंचित रह गये लोग घर पर ही रहकर दीपोत्सव मनाएंगे। घरों को दीपावली जैसा सजाकर राम मंदिर निर्माण होने की खुशी जाहिर करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने यह जानकारी दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि महान संतों ने राम मंदिर निर्माण के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। आज राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होने जा रहा है। इस अनुभूति मात्र से ही करोड़ों देशवासियों का हृदय गदगद हो रहा है। कोरोना संकट के चलते अयोध्या में होने वाले भूमि पूजन में सबका शामिल हो पाना संभव नहीं है। इसलिए शीर्ष नेताओं के निर्देशन पर हर परिवार के लोग घरों पर पांच अगस्त को दीप जलाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा है कि यदि संभव हो तो पूरे घर को दीपों से सजाएं और दीवाली जैसा जश्न मनाएं और ऐसा न संभव हो तो कम से कम हर परिवार पांच दीप जरूर जलाएं। यह हर आस्थावान हिंदू के लिए अपार खुशी और गर्व का दिन है। हां इस दौरान कोविड -19 की गाइड लाइन का जरूर ध्यान रखें।