मधुबन। तहसील क्षेत्र की माइनरों की बदहाल स्थिति को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे थे। बुधवार को सिंचाई विभाग हरकत में आया और नहरों-माइनरों की सफाई युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया। क्षेत्र की कई नहरें वर्षों से साफ-सफाई के अभाव में जर्जर हो चुकी थीं। जिनमें खरपतवार और गंदगी का जमावड़ा था। पानी की आपूर्ति न होने से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही थीं। बीते सोमवार को जिला पंचायत सदस्य सुभाष यादव यदुवंशी के नेतृत्व में पचास से अधिक किसानों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा था।
साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 5 अगस्त को लड्डूपुर नहर पर सर्वदलीय किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद बुधवार सुबह इटौरा-बीबीपुर माइनर की सफाई जेसीबी मशीन की मदद से शुरू की गई। सिंचाई विभाग के अनुसार जल्द ही दरगाह-कटघरा महलू माइनर और सिपाह-इब्राहिमाबाद माइनर की भी सफाई कराई जाएगी, फिलहाल मुख्य नहर से पानी की आपूर्ति बंद है।
स्थानीय किसान रामहरख प्रसाद, परमहंस यादव, निरंकार पाण्डेय, ओमप्रकाश पाण्डेय, शैलेश पाण्डेय और सत्यम पाण्डेय ने कहा कि देर से ही सही विभाग नींद से जागा। यदि समय पर आवाज न उठाई जाती तो शायद यह कार्य नहीं होता। क्षेत्र में धान की रोपाई तेज़ी से चल रही है और अब पानी की जरूरत सबसे अहम है। जिला पंचायत सदस्य सुभाष यदुवंशी ने कहा कि महापंचायत की तिथि यथावत है। यदि तब तक सभी समस्याओं का समाधान हो गया तो उसी दिन आंदोलन की समाप्ति की घोषणा की जाएगी।