मुहम्मदाबाद गोहना। महाराजगंज जनपद में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहे। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। अधिवक्ता गौरव श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में स्थानीय तहसील बार के अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को सभी अदालतों के न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। तहसील अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एजाज अहमद खान और महामंत्री लालजी गौतम के नेतृत्व में वकीलों ने राज्यपाल को संबोधित मांग पत्र एसडीएम मनोज तिवारी को सौंपा। मांग की कि साथी अधिवक्ता के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। अधिवक्ता के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपए की सहायता दी जाए। साथ ही अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को लागू किए जाने की मांग भी उठाई।
इस दौरान महेंद्र राय एडवोकेट, अली इमदाद जैदी, संजय शर्मा, अर्शे आलम, उदयभान, महेश यादव, राम पलट राय, प्रदीप उपाध्याय, सुधीर श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, आबिद एजाज, विनय श्रीवास्तव, ललन सिंह, संजय उपाध्याय आदि शामिल रहे।