मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। यदि लंबित शिकायतों पर किसान दोबारा शिकायत करते हैं, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण सात कार्य दिवसों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े किसान तक बिना किसी बाधा के पहुंचे।
जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने किसानों से अपील की कि फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी से ही कृषि से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। जिन किसानों का फार्मर आईडी नहीं बनेगा, वे सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाएंगे।
क्रय केंद्र पर बोरे की समस्या उठाई
रतनपुरा के किसान अमित त्रिपाठी ने बताया कि रतनपुरा के क्रय केंद्रों पर बोरे न होने के कारण किसान फसल विक्रय नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनमें आक्रोश है। मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल रतनपुरा सहित सभी क्रय केंद्रों पर अनिवार्य रूप से बोरे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुछ किसानों ने शिकायत की कि जंगली नीलगाय फसलों को नुकसान पहुंचा रही है, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए। हथिनी से सरवा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई। डुमरांव के किसान राजेंद्र ने शिकायत की कि इंडिया मार्का हैंडपंप काफी दिनों से खराब है, जिसकी मरम्मत कराया जाना आवश्यक है।