Mau News: इस मामले में कोपागंज थानाध्यक्ष नवल किशोर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, दोनों पक्षों के साथ बैठकर मामले का निस्तारण करने की बात कही गई है, बात न बनने पर मामले को लेकर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मऊ के कोपागंज क्षेत्र के दो ग्राम पंचायतों की सैकड़ों महिलाओं ने गुरुवार को कोपागंज थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप है कि स्वयं सहायता समूह द्वारा आधार कार्ड के जरिये फर्जी तरीके से पैसा निकाला गया है।
विज्ञापन
साथ ही स्वयं सहायता समूह के सोसायटी कर्मचारियों पर कम ब्याज बताकर अधिक ब्याज पर कर वसूली करने और विरोध करने पर जबरदस्ती घर में घुसकर घर का सामान ले जाने का आरोप लगाया। दूसरी तरफ स्वयं सहायता समूह इस आरोप को निराधार बता रहा है।
कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा तड़ियांव और घोसी ब्लॉक के पिडवल मोड़ के आसपास गांव की समूह की महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूह से पैसा लिया था। समूह का आरोप है कि समय पूरा होने के बाद पैसा न जमा करने पर जब संस्था के लोग सभी के घर पहुंचे तो महिलाओं ने हंगामा खड़ा कर दिया और पैसा न जमा करने की बात करने लगीं।
विज्ञापन
समूह के लोग थाने में महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात करने लगे। जैसे ही इसकी सूचना महिलाओं को हुई वे कोपागंज थाने पहुंचकर समूह के खिलाफ प्रदर्शन करने लगीं।
प्रदर्शन करने वालों में मंजू देवी, अकाली देवी, सुनीता देवी, रेशमी, पूजा, सुशीला, किरण, दुर्गावती, राजेश कुमार, पार्वती आदि ने आरोप लगाया कि फर्जी आधार कार्ड लगाने को लेकर आरटीआई के तहत सबूत मांगा गया है। लेकिन आजतक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई। कहा कि जबतक हमें आरटीआई के तहत जवाब नहीं मिल जाता, हम पैसा नहीं जमा करेंगे।