मऊ जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जनपदस्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। ब्लॉकवाइज डीबीटी पेंडेंसी की समीक्षा के दौरान अभी भी 7500 बच्चों का आधार कार्ड न बनने के कारण उनके खातों में ड्रेस, स्वेटर,जूता, मोजा आदि के पैसे ट्रांसफर न होने पर डीएम ने बीईओ को सक्रियता दिखाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि जनपद में 29, 30 नवंबर को निपुण एसेसमेंट टेस्ट संपन्न हो गया है। इस टेस्ट के दौरान औसतन 89 प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति रही। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए जाने वाले कार्यों की समीक्षा के दौरान नगर क्षेत्र स्थित चार विद्यालयों में विभिन्न कारणों से कायाकल्प के कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं। जिनमें से एक विद्यालय भौतिक रूप से नहीं है।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कायाकल्प के तहत कुछ कार्य अभी भी अवशेष पाए जाने पर समस्त खंड विकास अधिकारी और अधिशासी अधिकारियों को कायाकल्प के तहत शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी, परियोजना निदेशक रामबाबू त्रिपाठी सहित समस्त बीईओ, बीडीओ उपस्थित रहे। संवाद