फतेहपुर मण्डाव मधुबन थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के सामने नहर पर दो बाइकों की जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दो युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बलिया जिले के उभांव थाने के बिठुुआ गांव निवासी रामसोच (30), देवरिया जिले के बरहज बाजार कोतवाली के गौरा निवासी कमलेश (38) एक बाइक से कहीं जा रहे थे। जबकि सूरज (25) निवासी सरया मेवागिरी थाना मधुबन अपनी बाइक से घर से फतेहपुर मण्डाव बाजार जा रहा था। सोमवार की शाम को नन्दौर मुस्तफाबाद नहर मार्ग पर दोनों तरफ से आ रही तेज रफ्तार में बाइकों की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को आसपास के लोगों मदद से सीएचसी फतेहपुर मण्डाव में भर्ती कराया गया जहा डाक्टरों ने रामसोच को मृत घोषित कर दिया। कमलेश और सूरज को डाक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।