स्कूल चलो अभियान के तहत मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र घोसी में 15 किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली गई। इसमें सैकड़ों शिक्षकों, एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) और शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
यह रैली ब्लॉक संसाधन केंद्र घोसी से प्राथमिक विद्यालय मझवारा तक गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, नए नामांकन को बढ़ावा देना और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना है।उपाध्याय ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इसके लिए शिक्षक, अभिभावक और समाज को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने शिक्षकों से अपने क्षेत्र के हर बच्चे तक पहुंचने का आह्वान किया।
रैली के दौरान शिक्षकों ने गांवों और बाजारों में लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।
संचारी रोग नियंत्रण का दिया संदेश
रैली के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। इसमें स्वच्छता अपनाने, संचारी रोगों से बचाव और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। रैली का समापन प्राथमिक विद्यालय मझवारा में हुआ। यहां प्रधानाध्यापिका नीता राय ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं।