कोरौली/घोसी। काफी समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के तत्वावधान में ग्रामीणों ने रविवार को चकउथ गांव के समीप पूर्वाह्न 10 बजे दोहरीघाट-मधुबन मार्ग को जाम कर दिया। घंटों जाम के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना पर आनन-फानन में पहुंचे तहसीलदार मधुबन व लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। नाराज ग्रामीणों ने आला अधिकारियों को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा।
करोड़ों की लागत से दोहरीघाट-मधुबन मार्ग पर अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग काफी दिनों से चल रही है। सड़क निर्माण कार्य के लिए आला अधिकारियों से गुहार लगाकर थक चुके ग्रामीणों का गुस्सा सुबह लगभग 10 बजे फूट गया। नाराज ग्रामीणों ने दोहरीघाट-मधुबन मार्ग को जाम कर दिया। साथ ही नारेबाजी शुरू कर दी। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। प्रदर्शनकारी सड़क के बीचोबीच आकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क पर जगह-जगह गिट्टियों के बिखरे होने आए दिन लोग चुटहिल हो रहे हैं। सड़क दुर्घटना का ग्राफ बढ़ गया है। लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद भी मामले को लटका दिया गया है। जाम की सूचना मिलने पर आनन-फानन में मौके पर पहुंचे तहसीलदार मधुबन प्रेम प्रकाश उपाध्याय व पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता डी प्रियदर्शी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। प्रदर्शनकारियों ने आला अधिकारियों को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। जाम करने वालों में मुख्य रूप से अजय राय, सुधाकर राय, धरमू यादव, प्रभुनाथ प्रजापति, रामविलास चौबे, रजनीश, वृजेश, सत्यजीत, मुकेश, कमलेश यादव, कपिल आदि शामिल रहे।