शिक्षा सत्र शुरू हुए 96 दिन बीत गए, लेकिन राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त चल रहे शिक्षकों के पद अब तक नहीं भरे जा सके हैं। 177 पदों के सापेक्ष केवल 88 शिक्षक तैनात हैं। 57 सहायक अध्यापक और 32 प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं।
कहीं गणित के शिक्षक अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं तो कहीं विज्ञान के हिंदी विषय पढ़ा रहे हैं। छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम पिछड़ने की चिंता सताने लगी है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का भी अभाव है। हालांकि, प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत विद्यालयों में आधारभूत संरचना से जुड़ा निर्माण कार्य चल रहा है।
शासन की ओर से गत मार्च में कराई गई ग्रेडिंग में किसी भी विद्यालय को ए ग्रेड नहीं मिला। विभाग के लिए विद्यालयों को बी ग्रेड से ए ग्रेड में लाना चुनौती बना हुआ है।
जिले के 17 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में लगभग 1700 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिक्षा सत्र का तीसरा माह चल रहा है, लेकिन विद्यालयों में रिक्त चल रहे शिक्षकों के पद अब तक नहीं भरे जा सके हैं।
जिले में सहायक अध्यापकों के 127 पद सृजित हैं, लेकिन 70 शिक्षक ही तैनात हैं। इसी तरह प्रवक्ताओं के 50 पद स्वीकृत हैं, लेकिन केवल 18 प्रवक्ता तैनात हैं। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित सहित विभिन्न विषयों की पढ़ाई जैसे-तैसे हो रही है।
विभाग की ओर से छात्रों का नामांकन कराने पर तो जोर दिया जा रहा है, लेकिन रिक्त पदों को भरने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है।
शिक्षकों के पद रिक्त रहने से छात्रों को पाठ्यक्रम पूरा होने की चिंता सताने लगी है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालयों में रिक्त पदों के स्थान पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी है। कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के शहरोज स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय का भवन फोरलेन की जद में आने के कारण ध्वस्त किए जाने के वर्षों बाद भी नया भवन नहीं बन सका है। स्थिति यह है कि विद्यालय निजी आईटीआई के दो कमरों में संचालित हो रहा है।
यहां शिक्षकों के सात सृजित पदों के सापेक्ष केवल चार शिक्षक तैनात हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य साधना पांडेय का कहना है कि विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
वर्जन-
अइलख में 17 पदों की जगह सात शिक्षकों की ही तैनाती
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज, अइलख में 17 पदों के सापेक्ष सात शिक्षकों की तैनाती है। इसी तरह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, इमिलिया में 25 शिक्षकों के सापेक्ष नौ शिक्षक तैनात हैं। दोनों कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने रिक्त पदों को भरने के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। अन्य विद्यालयों का भी यही हाल है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आयोग की तरफ से सहायक अध्यापकों और प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाती है। शासन स्तर से भर्ती प्रक्रिया चल रही है। ग्रेडिंग में सुधार हुआ है। विद्यालयों को बी ग्रेड से ए ग्रेड में लाने का प्रयास चल रहा है।
-प्रभाकर राय, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, मऊ