जुलाई माह के प्रथम दिन सोमवार को नगरपालिका के कम्युनिटी हाल में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें नगर क्षेत्र तथा परदहां ब्लाक के शिक्षकों को नामांकन बढ़ाने के लिए नवाचार संबंधी गुर बताया। साथ ही बीएसए ओपी त्रिपाठी ने नामांकन बढ़ाने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बीएसए ने कहा कि शिक्षकों पर समाज की दिशा तथा दशा टिकी हुई है। प्राथमिक शिक्षा को बेहतर बनाने का कार्य शिक्षक ही कर सकते हैं। जिला समन्वयक गजेंद्र सिंह विभिन्न शिक्षकों से नवाचार संबंधी प्रयोग भी लिए। नगर क्षेत्र तथा परदहां ब्लाक के अधिक नामांकन वाले विद्यालयों के प्राथमिक विद्यालय उस्मानपुर, रैनी, इंद्रपुर इमिलिया, नगर क्षेत्र के ख्वाजाजहांपुर, मुंशीपुरा बालक, अछार, मुगलपुरा के सभी शिक्षकों को नामांकन बढ़ाने के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में मुहम्मद सोहैब, रविंद्र गुप्त, जयंती राय, विनीत लाल, चंद्रधर राय, रामानंद प्रसाद शामिल रहे। नगर शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम और बीईओ रमेश सिंह ने आभार जताया। संचालन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने किया।