मऊ। यूपी बोर्ड की 2022 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 2021 के मुकाबले कम परीक्षार्थी शामिल होंगे। 2022 हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए फार्म भरने और कक्षा नौंवी तथा 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की तिथि समाप्त हो गई है। हालांकि बोर्ड की ओर से तीन बार परीक्षा फार्म के लिए तिथि बढ़ाई गई। बावजूद इसके पिछले वर्ष की तुलना में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई। यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटर की बोर्ड परीक्षा मेें 79637 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जबकि 2021 में 91338 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के तैयारी की प्रक्रिया तेज हो गई है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए फार्म भरने और कक्षा नौंवी तथा 11वीं के विद्यार्थियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि पिछले शनिवार को समाप्त हो गई। यूपी बोर्ड हाईस्कूल में 44056 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट में 35581 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। जबकि वर्ष 2021 में हाईस्कूल में 48180 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट में 43158 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। वहीं नौवीं में 49722 परीक्षार्थी तथा 11वीं में 43812 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
आंकड़ों के अनुसार हाईस्कूल में 4124 परीक्षार्थी तथा इंटर में 7577 परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के आवेदन की तिथि 15 सितंबर तक थी, लेकिन स्कूल प्रबंधकों की तरफ से कोरोना के चलते आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की गई। इसके चलते परीक्षार्थियों की संख्या को बढ़ाने के लिए बोर्ड की तरफ से आवेदन करने की तिथि नौ नवंबर और इसके बाद 13 नवंबर तक बढ़ाई गई। इसके बाद 20 नवंबर तक आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई। बावजूद इसके परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी नहीं हुई। शिक्षा महकमे के अधिकारियों की मानें तो बोर्ड परीक्षा में आनलाइन प्रक्रिया के चलते फर्जी तरीके से आवेदन करने वालों पर रोक लगी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में पारदर्शी प्रणाली विकसित होने के चलते फर्जी परीक्षार्थियों के आवेदन करने पर रोक लगी है। यूपी बोर्ड 2022 हाईस्कूल, इंटर बोर्ड परीक्षा मेें 79637 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।