उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में प्रार्थना सभा की सूचना मिलते ही माैके पर घोसी कोतवाली की पुलिस भी पहुंच गई। एक घर में करीब 400 लोग माैजूद थे। सभा कर रहे लोगों से पूछताछ के बाद दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
Mau News: मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र पवनी गांव में शनिवार को एक घर में धर्म परिवर्तन के लिए हो रहे प्रार्थना सभा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुख्य दो लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रार्थनासभा स्थल से पुलिस को बाइबिल और अन्य सामग्री मिली।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि इस घर में हर शनिवार को कुछ लोग इकट्ठा होते थे और प्रार्थना सभा करते थे। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष प्रांशु सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को सौंपी तहरीर में उन्होंने बताया कि बीते कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि पवनी गांव में कुछ लोगों द्वारा धर्म परिवर्तन कराने की योजना बनाई जा रही है। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से ही भीड़ इकट्ठा हो रही है। धीरे-धीरे प्रार्थनासभा में 400 लोग इकट्ठा हुए।
विज्ञापन
प्रार्थना के बीच में बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और घोसी सीओ जितेंद्र सिंह को सूचना दी। पहुंची पुलिस टीम ने प्रार्थना करा रहे दो मुख्य व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले गई।
सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि पवनी गांव स्थित एक मकान में करीब 400 लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई थी। वहां मौजूद सभी लोगों के पास धार्मिक ग्रंथ बाइबिल थी और प्रार्थना सभा स्थल पर अन्य आपत्तिजनक सामग्री पाई गई। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।