दुबारी(मऊ)। मधुबन कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली बंधा के पास रविवार की दोपहर सवारियों से भरी एक ऑटो बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे ऑटों में सवार चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि रविवार को दुर्गा विसर्जन को देखते हुए दुबारी बाजार में रूट डायवर्ट किया गया था। जिसके चलते सभी वाहन बाइपास से होकर गुजर रहे थे। इसीबीच करीब दोपहर 12 बजे चार सवारियों से भरी ऑटो बंधा मार्ग से मिश्रौली की ओर जा रहा था। अभी वह मिश्रौली बंधा के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। जिससे ऑटो में सवार पूनम सिंह , जयराम गिरी, संगीता देवी और नीता देवी और हरिशंकर जयसवाल घायल हो गए। घटना के बाद खेतों में काम कर रहे स्थानीय लोगों ने पलटे ऑटो में सवार घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को फतेहपुर मंडाव सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हरीशंकर जायसवाल की हालात गंभीर बनी हुई है। उधर घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।