मऊ। मुख्यालय पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग पर शनिवार की सुबह अमृतसर जैसा हादसा होते होते बचा। एक ट्रैक से ट्रेन गुजर रही थी। लोग दूसरे ट्रैक पर खड़े थे। तभी दूसरे ट्रैक पर ट्रेन आ गई। समय रहते लोग ट्रैक से हट गए। इसके चलते बड़ी घटना टल गई लेकिन ट्रेन गुजरने के बाद तक लोग दहशत में थे।
बताते चले विजयदशमी पर शुक्रवार की रात 12 बजे के बाद प्रतिमाओं को विर्सजन के लिए ले जाने की व्यवस्था शुरू कर दी गई। इस दौरान विसर्जन जुलूस के नदी तक पहुंचने पर शनिवार का दिन हो गया। इस दौरान सुबह आठ बजे के करीब विसर्जन जुलूस में शामिल लोग वापस लौट रहे थे। इस दौरान फाटक बंद हो गया। मऊ स्टेशन से इंदारा की तरफ ट्रेन जाने लगी लेकिन विसर्जन जुलूस में शामिल लोग फाटक बंद होने के बाद भी दूसरे ट्रैक पर खड़े हो गए। उन्हें पता था कि दूसरी ट्रैक से ट्रेन गुजरने वाली है। मऊ स्टेशन से चली ट्रेन अभी बाल निकेतन क्रासिंग को पार भी नहीं कर पाई थी कि इंदारा की तरफ से पैसेंजर ट्रेन दूसरी ट्रैक पर आई, जिस पर लोग खड़े थे। ट्रेन के काफी करीब आने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई, इस दौरान लोग जान बचाने के लिए ट्रैक से उतर कर भागे। समय रहते लोगों के ट्रैक से हट जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।