पतंजलि युवा भारत की ओर से पुलिस लाइन परिसर में मंगलवार को युवा भारत महाविद्यालय प्रभारी राजन वैदिक पुलिस लाइन में ट्रेनिंग ले रहे जवानों को योगाभ्यास कराया। राजन वैदिक ने प्रात:कालीन योगसत्र का शुभारंभ प्रार्थना एवं मंत्रोच्चारण के साथ प्रारंभ कराया। कहा कि योग से अभ्यासियों को अधिकाधिक लाभ मिलता है। कहा कि वर्तमान समय में भारत ही नहीं अपितु विदेशो में भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में योग का उपयोग बढ़ता जा रहा है। कहा कि योगाभ्यास पर हुए अनेक शोधों से आये सकारात्मक परिणामों से योग विद्या को एक नयी पहचान मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कियोगाभ्यास के अंतर्गत आने वाले षष्ठकर्मों से व्यक्ति के शरीर में संचित विषैले पदार्थो का आसानी से निष्कासन हो जाता है। बताया कि योगासन के अभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है और नस-नाड़ियो में रक्त का संचार सुचारू होता है। प्राणायामों के करने से व्यक्ति के शरीर में प्राणिक शक्ति की वृद्धि होती है, साथ-साथ शरीर से कार्बन-डाईऑक्साइड का निष्कासन होता है। राजन वैदिक ने योगाभ्यास के शारिरिक क्रियाओं के क्रम में जवानों को सर्वप्रथम यौगिक जॉगिंग एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराकर उनसे होने वाले लाभों को बताया। कहा कि यदि व्यक्ति 20 मिनट प्रतिदिन व्यायाम करे तो वह सदैव जवान रहेंगा। योग प्रशिक्षक ने योगसत्र के अंत में सिंघासन, तालीवादन एवं हास्यासन के बाद कल्यान मंत्र का अभ्यास कराया। योग शिविर में आरआई सुदामा प्रसाद सहित ट्रेनिंग ले रहे 157 जवानों और पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया।