स्थानीय थाना क्षेत्र के थुन्हीं गांव के व्यक्ति से समाज कल्याण विभाग से सहायता राशि दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थुन्हीं गांव निवासी रामजनम राम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके भाई रामकेवल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। मामले में समाज कल्याण विभाग से पांच लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत हुई थी।
उनका आरोप है कि वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी सुनील कुमार ने सहायता राशि दिलाने और विभाग में खर्च होने की बात कहकर उसके अनपढ़ पिता से कई किस्तों में करीब ढाई लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का कहना है कि इसके बावजूद आरोपी न तो सहायता राशि दिलाई और न रुपये वापस किए। जब उसने आरोपी से रुपये मांगे तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बताया कि मामले की शिकायत चौबेपुर थाने में भी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजेश्वर पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।