रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक सोमवार को रोडवेज डिपो में दोपहर 12 बजे विपुल राजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न मांगों को लेकर सरकार द्वारा बरती जा रही उदासीनता पर नाराजगी जताई गई। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने तय किया कि यदि सरकार उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लेती, तो 4 जुलाई की आधी रात से 48 घंटे तक रोडवेज बसों का संचालन ठप कर दिया जाएगा। फिर भी यदि सरकार सकारात्मक कदम नहीं उठाती तो रोडवेज कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
बैठक में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद आजमगढ़ के शाखा मंत्री मनोज नायक ने कहा कि सरकार के सभी विभागों के कर्मचारियों को पहली जनवरी 2016 से सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जा रहा है। लेकिन रोडवेज कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों को एक जनवरी 2016 से सातवें का लाभ और संविदा चालकों और परिचालकों का स्थिर वेतन सहित दूसरी मांगों को लेकर परिषद 48 घंटे का रोडवेज बसों का चक्का जाम करेगी। बैठक में यशवंत सिंह, चंद्रशेखर, पी एन सिंह ,गिरिजेश नायक, अच्छे खां ,आनंद कुमार राय ,राजेश यादव, जितेंद्र यादव, अजय यादव, मेघू प्रसाद सहित अन्य रहे।