लू के थपेड़ों तथा प्रचंड गर्मी से लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। रविवार को चिलचिलाती धूप और तपिश से लोग बेहाल रहे। पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ऐसे में जहां दोपहर को मार्गों पर आवाजाही कम रही तो बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
रविवार को लोग तीखी धूप और तपिश से बेहाल दिखे। गर्मी के इस तेवर से लोग हैरार रहे। बचाव के हर जतन बेकार साबित होते रहे। 43 डिग्री सेल्सियस तापमान और 18 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही गर्म हवा ने लोगों को परेशान कर रखा। स्थिति यह रही कि पंखे व कूलर से भी गर्म हवा निकल रही थी। इससे लोगों को किसी पल चैन नहीं था। ऐसे में लोग बाहर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।
दोपहर के समय प्रमुख मार्गो पर लोगों की आवाजाही कम रही। लड़कियां व महिलाएं धूप से बचने के लिए मुंह को ढक कर या छतरी लगाकर बाहर निकलीं। गर्मी से बचने के लिए सत्तू, बेल का शर्बत, आम का पन्ना, तरबूजा, ककड़ी, खीरा आदि का सेवन कर गर्मी से राहत पाने का प्रयास लोग करते रहे। जबकि बाजारों पर भी गर्मी का आसर रहा। तीखी धूप के चलते बाजार में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा।
उधर, ग्रामीण इलाकों में गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पोखरों और नदियों में तैराकी कर गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते रहे। यहां पशु पक्षियों ने भी अपना डेरा डाल रखा था।