बढुआगोदाम। उत्तर प्रदेश किसान महासभा और प्रगतिशील व्यापार मंडल के बैनर तले बढुआ गोदाम बाजार में भूमि अधिग्रहण के मुआवजा में कटौती और गड़बड़ी करने के खिलाफ और मझौवा (ताजोपुर) राजभर बस्तीवासियों के लिए पास-वे अडंरब्रिज निर्माण कराने के लिए चल रहा धरना 30 वें दिन भी जारी रहा। एक माह का समय बीतने के बाद भी सुनवाई न होने पर आंदोलित लोगों ने जिला प्रशासन पर तरह तरह के आरोपों को लगाया।
इस अवसर पर किसान महासभा के नेता अखिलानंद पांडे ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की शपथ लेने वाली मोदी, योगी की सरकार सरेआम इसको कमजोर करने पर आमादा है, राम मंदिर बनाने के बहाने पूरे देश को अराजकता में धकेल देना चाहते हैं। अपने हर वादे पर नाकाम मोदी योगी सरकार अपनी कमियों को छुपाने के लिए मंदिर के मुद्दे को उछाल कर सांप्रदायिकता की राजनीति कर रही है। बोले नोटबंदी जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आरबीआई ने भी कहा कि नोटबंदी से अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है, देश के कृषि पर इसका बुरा प्रभाव पड़ा है, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में महिलाओं की जान और इज्जत सुरक्षित नहीं है, कोई भी दिन ऐसा नहीं बीत रहा है जिस दिन प्रदेश में कहीं न कहीं महिलाओं का उत्पीड़न ना हो रहा है। किसान नौजवान छात्र महिलाएं सभी इस सरकार की नीतियों से परेशान हैं। प्रगतिशील व्यापार मंडल के नेता शिवमूरत गुप्ता ने कहा कि बढुआ गोदाम बाजार के व्यापारी, किसान, सरकार और जिले के अधिकारियों के उदासीनता और लापरवाही से तंग आकर आंदोलन करने को बाध्य हुए हैं, एनएचएआई के मनमानी से पूरे बाजार में आक्रोश है। धरने को भाकपा माले के नेता बसंत कुमार, किसान मजदूर सभा के नेता टेल्हूराम ने भी संबोधित किया। धरने में सतिराम यादव, अवध राम, नारायण वर्मा, जयप्रकाश यादव, जमुना गुप्ता, अलगू प्रसाद, डॉ सूर्यभान, राम प्रवेश, शिवशंकर, अवधेश गुप्ता, स्वामीनाथ, विजय गुप्ता, जंग बहादुर गुप्ता, मुरली गुप्ता, रामधन यादव राधेश्याम यादव, उदय भान, संजय, मनीष, रघुनंदन, आदि शामिल रहे।