बढुआ गोदाम। गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाने के कबीरपुर गांव से शुक्रवार की सुबह लापता हुआ किशोर दूसरे दिन मऊ जिले के सरायलखंसी थाने के आदेडीह गांव में टहलता मिला। गांव के लोगों ने किशोर से जब पूछताछ किया तो वह रोने लगा। ग्रामीणों के सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस किशोर को लेकर थाने आई। साथ ही करीमुद्दीनपुर थाने की पुलिस को सूचना दी।
आदेडीह गांव में मिला किशोर धर्मेंद्र चौहान (12) गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव निवासी वंशी चौहान का पुत्र है। संपर्क करने पर सरायलखंसी थाने की पुलिस को करीमुद्दीनपुर थाने की पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र शुक्रवार की सुबह अपने घर से लापता है। खोजबीन के बाद परिवार के सदस्यों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सरायलखंसी थाने की पुलिस के बताने पर करीमुद्दीनपुर थाने की पुलिस ने किशोर के परिवार के सदस्यों को सूचना दिया। किशोर के परिजन उसे अपने साथ ले गए। ब्यूरो