सुरीर। नौहझील-राया मार्ग पर आंधी के चलते सड़क पर गिरे बिजली के खंभे के तारों में फंसकर शुक्रवार देर रात बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुरीर विजऊ निवासी पंकज कुमार (45) बिजली मिस्त्री होने के साथ साथ फ्रिज आदि ठीक करने का कार्य करते थे। शुक्रवार को किसी काम से बाइक लेकर मांट गए थे। रात को लौटते समय रास्ते में तेज हवा और बारिश ने उन्हें घेर लिया। रात करीब 9 बजे गांव परसोतीगढ़ी के पास सड़क पर टूट कर गिरे बिजली के खंभे के तारों में बाइक फंस गई।
बताया गया है कि इन्हीं तारों में फंसकर पंकज की मौत हो गई। राहगीरों ने सड़क पर युवक के पड़े होने की सूचना सुरीर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से तारों में फंसे पंकज को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पंकज का शव परिजन को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन ने यमुना घाट पर उनका दाह-संस्कार कर दिया।