गोवर्धन। तहसील परिसर में रजिस्ट्री कार्यालय शुरू कराने की मांग को लेकर शनिवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान तहसील पहुंचे। जल्द कार्यालय खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में किसानों के साथ आई सामाजिक कार्यकर्ता विनोदी सिंह तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गईं।
घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। प्रशासनिक अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे जिलाधिकारी और एडीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। करीब चार घंटे तक वह टंकी पर डटी रहीं। इस दौरान किसानों ने भी प्रशासन से रजिस्ट्री कार्यालय खोलने के संबंध में स्पष्ट और लिखित आश्वासन देने की मांग की।
स्थिति उस समय नियंत्रित हुई जब एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी मौके पर पहुंचीं और किसानों को जल्द रजिस्ट्री कार्यालय शुरू कराने का भरोसा दिलाया। उनके आश्वासन के बाद किसानों ने किसी तरह विनोदी सिंह को टंकी से नीचे उतारा। इस दौरान तहसीलदार सुशील गुप्ता, सीओ अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी भगवत गुर्जर सहित अन्य अधिकारी स्थिति संभालने में जुटे रहे। मौके पर मोहन सिंह, कुर्सीलाल, विष्णु, ओम प्रकाश, गीता, शकुंतला समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।