मथुरा। जीआईसी में बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन कार्य काली पट्टी बांधकर करते शिक्षक।
- फोटो : mathura
मथुरा। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो गया। जिले में मूल्यांकन के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन इंटरमीडिएट की जीआईसी में 7772 व हाईस्कूल की जवाहर इंटर कॉलेज में 6138 और किशोरी रमण इंटर कॉलेज में 4098 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। 44 प्रतिशत परीक्षक उपस्थित हुए, जबकि 56 प्रतिशत परीक्षकों ने कॉपियां का मूल्यांकन करने से दूरी बना ली।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है जो 2 अप्रैल तक चलेगा। उन्होंने बताया कि तीन केंद्रों पर 4,45,581 काॅपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए 2017 परीक्षक और 206 उप प्रधान परीक्षक कार्यरत हैं, लेकिन पहले दिन ही परीक्षक और उप प्रधान परीक्षक केंद्रों पर नहीं पहुंचे। 2017 परीक्षकों में से 894 ही उपस्थित हुए तथा 206 उप प्रधान परीक्षकों में से 146 ही पहुंचे।
उन्होंने बताया कि जो शिक्षक मूल्यांकन में नहीं पहुंचे हैं उनकी सूची बनाकर शासन को भेजी जाएगी। मूल्यांकन केंद्र में मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने पर पूर्णत: रोक लगी हुई है। वहीं 10-15 मिनट की देरी से आने वाले परीक्षकों को अनुपस्थित माना जाएगा।
काली पट्टी बांधकर किया मूल्यांकन
बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों ने अपनी प्रमुख मांगों के लिए विरोध जताया। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन की बहाली, सेवा सुरक्षा एवं पदोन्नति, मुफ्त चिकित्सा व्यवस्था, समान कार्य के लिए समान वेतन आदि के लिए बाजू पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए मूल्यांकन कार्य किया। संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार उपाध्याय, जिला मंत्री अनिल सिंह छोंकर, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. मनवीर सिंह, संजय पचौरी, डॉ. शिवाजी सिंह, चंद्रभान यादव, अनीता आचार्य आदि मौजूद रहे।