कृष्णप्रिया कालिंदी को कालिया रूपी प्रदूषण से मुक्त कराने के लिए एक बार फिर शंखनाद हुआ। स्थान वही गोकुल ग्राम जहां रह कृष्ण ने यमुना को मुक्त कराया था। यमुना मुक्तिकरण अभियान के तहत बुधवार को यमुना भक्त वाहनों में गोकुल से दिल्ली की ओर रवाना हुए। यह काफिला कोसी तक पहुंचते-पहुंचते ही कारवां बन गया था। इसके बाद दिल्ली तक पग-पग पर लोग पुष्पवर्षा कर यमुना भक्तों का स्वागत करते रहे और 15 मार्च की यमुना मुक्तिकरण पदयात्रा के लिए समर्थन दिया।
गोकुल चौक पर सुबह यमुना मुक्तिकरण अभियान के लिए गोकुल वासियों में जोश था। मान मंदिर से आए नन्हे बालकों ने गोकुल में घूमकर ‘यमुना मैया हम आएंगे, स्वच्छ जल को ब्रज में लाएंगे’, ‘एक दो तीन चार, यमुनाजी की जयजयकार’ आदि नारे लगाए। बालकों के शब्द और उमंग गोकुलवासियों को प्रेरित कर रही थी।
इस दौरान पुष्टिमार्गीय आचार्य पंकज बाबा ने यमुना मुक्तिकरण रथ में विराजमान यमुना महारानी के छायाचित्र के समक्ष पूजा अर्चना की। इसके बाद सुबह 7:30 बजे भक्तों के वाहनों का काफिला बढ़ा। सबसे पहले यह अभियान के केंद्रीय कार्यालय वृंदावन पहुंचा।
यहां अभियान के संरक्षक पंकज बाबा ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाई, उन्होंने ब्रजवासियों से 15 मार्च को आंदोलन में भाग लेकर अभियान को गति प्रदान करने की अपील भी की। इसके साथ ही सभी वाहन एक साथ सुबह 10 बजे दिल्ली के लिए कूच कर गए।
असीम उत्साह और उमंग के साथ यमुना भक्त जय यमुना मैया के नारे लगाते आगे बढ़ रहे थे। रैली ज्यों ज्यों दिल्ली की ओर बढ़ती गई काफिले में गाड़ियों की संख्या भी बढ़ने लगी। इस दौरान अभियान के राष्ट्रीय संयोजक राधाकांत शास्त्री और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने यमुना भक्तों में जोश भरा।
अभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक सुनील सिंह, राष्ट्रीय महासचिव हरेश ठेनुआ, मनीष बाबा, अभियान के प्रदेश संयोजक श्याम चतुर्वेदी, संगठन मंत्री कुंवर नरेंद्र सिंह, डीपी चतुर्वेदी, राज शर्मा, उदयन शर्मा, पंकज चतुर्वेदी, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, विजय बहादुर सिंह साथ चल रहे थे।
जुड़ते गए, बढ़ते गए
अकबरपुर में राधेश्याम भगत और चंद्रभान वाहन रैली का स्वागत कर इसमें सम्मिलित हुए। छाता में मुन्ना मार्केट वाले और वीरेंद्र सिंह। कोसीकलां में सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। जिनमें वीर बहादुर सिंह की पूरी टीम यात्रा में सम्मिलित होकर दिल्ली की ओर बढ़ी। होडल में भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष केशव देव सिंह, धर्मदेव जी ने वाहन रैली का स्वागत कर अपने वाहनों के काफिले को दिल्ली के लिए मोड़ दिया।
108 गांव के सरपंचों ने किया स्वागत
होडल से आगे मितरौल में 108 गांव का भोज आयोजित किया गया था। यहां उपस्थित 108 गांव की पाल के सरपंच अरुण जेलदार ने वाहन रैली का स्वागत किया। उन्होंने यमुना मुक्तिकरण अभियान को समर्थन देते हुए कहा कि यमुना की समस्या से दक्षिणी हरियाणा भी बुरी तरह प्रभावित है। हम पूरी तरह से आपके साथ हैं। भोज में उपस्थित हजारों हरियाणा वासियों को पंकज बाबा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यमुना से आपकी-हमारी आस्था और जीवन दोनों जुड़े हैं।
खुफिया विभाग ले रहा आंदोलन की टोह
मथुरा। यमुना मुक्तिकरण अभियान जन-जन का आंदोलन बनता जा रहा है। इसको लेकर सरकार के माथे पर चिंता की लकीर हैं। आंदोलन की टोह लेने के लिए अभिसूचना इकाइयां सक्रिय हैं। बुधवार को वाहन की रैली की शुरुआत गोकुल चौक से होनी थी। यहां पहले से ही सक्रिय एलआईयू कर्मी गांव के लोगों से जानकारी जुटाने में लग गए। इसके बाद उन्होंने यमुना मुक्तिकरण अभियान के पदाधिकारी, वाहन चालकों से जानकारी जुटाई और रैली में जा रहे लोगों के नाम-पते दर्ज किए।