चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत क्षेत्र में बच्ची को छोड़कर महिला के ट्रेन के आगे कूदने का मामला प्रकाश में आया है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
शनिवार देर शाम अज्ञात महिला छटीकरा राधाकुंड रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन पर पहुंची। महिला के साथ करीब ढ़ाई साल की बच्ची और एक बैग भी था। मौके के पास मौजूद लोगों के अनुसार, बच्ची और समान को रखकर महिला मथुरा की तरफ से आ रही मालगाड़ी के आगे कूद गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जैंत पुलिस ने सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी जैंत अश्वनी कुमार ने बताया कि मृत महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बच्ची को थाने लाया गया है।