गोवर्धन। पांच दिवसीय मुड़िया पूर्णिमा मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसएसपी ने पुलिस का मजबूत घेरा तैयार किया है। मेला के दौरान चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। उन्होंने बैठक में पुलिसकर्मियों को डॺूटी के दौरान श्रद्धालुओं से शालीनता से पेश आने को कहा। हालांकि अभी अन्य जनपदों की फोर्स आने पर ब्रीफ किया जाएगा।
बुधवार को विनोद गार्डन में मुड़िया मेला पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में एसएसपी अभिषेक यादव ने पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को मजबूत इंतजामात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन के मुड़िया पूर्णिमा मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 25 जोन व 66 सेक्टरों में बांटा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था 2368 पुलिसकर्मी संभालेंगे। आपराधिक गतिविधियों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। घुड़सवार पुलिस भी परिक्रमा मार्ग में हर गतिविधि पर नजर रखेगी। वॉच टावरों पर पुलिसकर्मी हर स्थिति से निपटने का मुस्तैद रहेंगे। गोवर्धन का मुड़िया मेला 10 से 14 जुलाई तक चलेगा।
भीड़ की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने खाका खींच लिया है। एसपी सिटी एमपी सिंह, एसपी हरेंद्र कुमार, एसपी हर गोविंद, एसपी अखिलेश नारायण, एएसपी संदीप मीणा, एसपी राजीव कुमार सिंह, सीओ गौरव त्रिपाठी, सीओ मोनिका यादव, थाना प्रभारी नितिन कसाना आदि मौजूद थे। संवाद
मुड़िया मेला को लेकर हुई पीस कमेटी की बैठक
सौंख। गोवर्धन के राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला और ईद उल-जुहा के त्योहार को लेकर मगोर्रा पुलिस ने पीस कमेटी की बैठक की। इसमें व्यापारी एवं क्षेत्रीय लोगों ने व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया। थाना प्रभारी संजय कुमार त्यागी, चौकी प्रभारी राकेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष साकेत अग्रवाल, भाजपा महामंत्री प्रहलाद सिंह, प्रधान डॉ. देवेंद्र सिंह, दामोदर शर्मा, मौलवी जिया उल्लाह खान, मुन्ना खान, उस्मान कुरैशी, प्रधान कन्हैया कोरी, नीरज शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद