मथुरा। बदलते मौसम के साथ ही वायरल बुखार के मरीज भी तेजी से बढ़ रहे हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते सबसे ज्यादा मरीज सर्दी, खांसी, वायरल बुखार के आ रहे हैं। डॉक्टर का कहना है कि दिन के समय अधिक गर्मी और रात के समय सर्दी से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में बदलते मौसम के समय लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए।
जिला अस्पताल में मंगलवार को फिजिशियन की ओपीडी में 350 से अधिक मरीज पहुंचे। इसमें से 150 से अधिक वायरल बुखार के पीड़ित पहुंचे। सुबह से ही जिला अस्पताल में काफी संख्या में मरीजों की भीड़ रही। ऐसे में मरीजों को पर्चा बनाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।
डाॅक्टर सिद्धार्थ धनगर ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण लगातार वायरल बुखार और टाइफाइड के मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को अब अधिक सावधान रहने की जरूरत है। इस मौसम में गर्म कपड़े पहनें। साफ पानी पीएं। बाहर के भोजन से दूरी बनाएं और सादा भोजन करें। समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह से दवा लें।
वायरल के लक्षण
चिकित्सकों के अनुसार ठंड के साथ बुखार आना, गले में खरास, खांसी आना, शरीर में तेज दर्द होना आदि वायरल बुखार के लक्षण हैं।