मथुरा। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीज को देखते चिकित्सक।
- फोटो : mathura
मथुरा। गर्मी-उमस के बाद बारिश से जहां लोगों को राहत मिली है, वहीं जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ी तो अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों की संख्या भी बढ़ा दी। दोपहर डेढ़ बजे तक ओपीडी में 1510 मरीजों ने पंजीकरण कराकर उपचार लिया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ धनगर ने बताया कि रविवार को ओपीडी बंद रहने से मरीजों की संख्या सोमवार को ज्यादा रही है। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार, पेट में दर्द, उल्टी, गले में दर्द की परेशानी लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं जिन मरीजों को सामान्य दिक्कत थी, उन्हें उपचार करके घर में आराम करने की सलाह दी गई।
डॉ. देवेंद्र मोहन ने बताया कि ओपीडी में सांस के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। सभी मरीजों को उपचार के साथ बाहर के खाने-पीने से दूरी बनाने की सलाह दी गई है। सीएमएस डाॅ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि मौसम के चलते मरीज पहले से बढ़े हैं। मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी ओपीडी में लगाई गई है। सबसे ज्यादा मरीज बदलते मौसम के आ रहे हैं।
लैब में जांच के लिए लगी रही लाइन
अस्पताल में बनी लैब में मरीजों की सुबह से जांच कराने के लिए भीड़ लगी रही। लैब टेक्नीशियन हेमंत रावत ने बताया कि रोजाना 280 से अधिक मरीजों की जांच हो रही है। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा मरीजों की जांच सीबीसी की हो रही है। इसमें वायरल बुखार की पुष्टि हो रही है।