मथुरा। मौसम में अचानक बदलाव और सुबह-शाम ठंड के कारण गले में खराश, सर्दी-खांसी और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि दिन में धूप और सुबह-शाम ठंड के कारण लोग लापरवाही बरत रहे हैं। इससे गले में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस बदलाव से अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
जिला अस्पताल की प्रतिदिन ओपीडी में मरीज सर्दी, खांसी और गले की खराश की शिकायत लेकर आ रहे हैं। कई मरीजों में हल्का बुखार और बदन दर्द की भी शिकायत है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने कहा कि लोग दवा के साथ-साथ गर्म पानी का सेवन करें। ठंडी चीजों से परहेज रखें और सुबह-शाम गर्म कपड़े अवश्य पहनें। बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने की भी हिदायत दी गई है।