मथुरा। सीवर लाइन डाल रहे जल निगम के इंजीनियरों की लापरवाही से डीग गेट पर गोकुल बैराज की पाइप लाइन टूट गई। इससे गंगाजल सडक़ पर बहने लगा। इंजीनियर इसे जोड़ने में जुट गए, परंतु बैराज की पाइप लाइन टूटने से शहर के अनेक क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई।
जल निगम द्वारा अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डाली जा रही है। शनिवार को डीग गेट पर पोकलेन से काम चल रहा था। इसी दौरान पोकलेन ने बैराज की सप्लाई की पाइप लाइन को उखाड़ दिया। इससे उसमें प्रवाहित गंगाजल सड़क पर बहने लगा। इससे आगे जाने वाली सप्लाई पूरी तरह से बाधित हो गई। मौके पर जलकल इंजीनियर आशीष यादव ने बताया कि बैराज की पाइप लाइन टूटने से अर्जुनपुरा, ठेकनार नौल आदि क्षेत्रों में पेयजल नहीं जाएगा।