मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकास बाजार स्थित गांधी प्रतिमा के समीप और कृष्णा नगर चौराहे पर नुक्कड़ नाटक किए गए। इनके माध्यम से 1 जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवक-युवतियों का मतदाता सूची में नाम पंजीकरण, लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही व स्वच्छ छवि के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान अवश्य करने को प्रेरित किया।
मांट स्थित ब्रज आदर्श इंटर कॉलेज में भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। डा. पल्लवी सिंह द्वारा लिखित पटकथा पर आधारित नुक्कड़ नाटक की डा. रेखा चौहान और डा. निधि शर्मा के निर्देशन में किशोरी रमण महिला विद्यालय की छात्राओं ने प्रभावी प्रस्तुति दी। इसके अलावा इस्लामियां के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक व रैली निकाली।
कालेज के छात्र-छात्राओं ने नाटक व रैली के माध्यम से संदेश दिया कि वोट देने का है अधिकार, बूढे हों या जवान-सभी करो मतदान, सारे काम छोड़ दो-सबसे पहले वोट दो, मथुरा ने भरी उड़ान-चलो मिलकर करें मतदान। नारे अंकित पट्टिकाओं के साथ अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में रैली आयोजित हुई। इस दौरान एसडीएम सदर चांदनी सिंह ने छात्र-छात्राओं को मतदान का महत्व समझाया।