मथुरा। क्रिकेट एकेडमी फॉर एक्सीलेंस के तत्वावधान में हुए यश चौधरी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बुधवार को विराट क्लासिकल्स और बुमराह स्विंगर्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में विराट क्लासिकल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुमराह स्विंगर्स को 54 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में विराट क्लासिकल्स के कप्तान यश सारस्वत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। मोहम्मद फरहान ने नाबाद 65 रनों की शानदार पारी खेली। बुमराह स्विंगर्स की ओर से जितेंद्र बघेल, यश दीक्षित और हार्दिक राजपूत ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुमराह स्विंगर्स की टीम विराट क्लासिकल्स के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और 20 ओवरों में 128 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान देव उपाध्याय ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। विराट क्लासिकल्स की ओर से कुश शर्मा और यश सारस्वत ने तीन-तीन विकेट झटके। मोहम्मद फरहान को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज कुश शर्मा, बेस्ट बैटर देव उपाध्याय, बेस्ट बॉलर रुद्रांश चौधरी, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षण के लिए सक्षम चौधरी, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर अर्श भारद्वाज, सुपर गर्ल्स ऑफ द टूर्नामेंट राधिका यादव, योत्सना चौधरी, इमर्जिंग बल्लेबाज हर्षित यादव, इमर्जिंग बॉलर रुद्र प्रताप सिंह, फिटेस्ट प्लेयर कविता सारस्वत को चुना गया। मैच की अंपायरिंग समीर खान और अतुल तिवारी ने की। खिलाडि़यों को मुख्य अतिथि विनोद चौधरी ने सम्मानित किया।