वीडियो वायरल करके लखनऊ तक हड़कंप मचाने वाले सिपाही सर्वेश चौधरी को एटा के पुलिस कप्तान ने बुलाकर बात की। आधा घंटे तक उसे समझाया। बताया जाता है कि इस पूरे मामले में डीजीपी ने पुलिस कप्तान से रिपोर्ट तलब की है।
एटा की पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सर्वेश चौधरी का वीडियो वायरल हुआ था। सिपाही ने फीरोजाबाद में तैनाती के दौरान तत्कालीन एसपी पीयूष श्रीवास्तव और एसपी देहात संजय यादव पर उत्पीड़न का आरोप मढ़ा था। इतना ही नहीं वीडियो में सिपाही ने कहा था कि 24 घंटे ड्यूटी के बाद भी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। खाने को भी अच्छा नहीं मिल पाता। पेंशन बंद होने से संकट खड़ा हो गया है।
मूलत: मथुरा जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र में गांव मानागढ़ी का रहने वाले सिपाही के वीडियो से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। शनिवार को ही एसएसपी एटा राजेश कृष्ण ने सिपाही को बुला लिया। एसएसपी ने करीब आधे घंटे तक सिपाही को समझाते हुए कहा कि तुमने गलत किया है।
परेशानी थी तो हमारे पास आते। बताया गया कि एसएसपी ने आगाह करते हुए कहा कि अब किसी को इंटरव्यू मत देना और मीडिया से दूरी बनाकर ही रखना। एसएसपी की सलाह के बाद से सिपाही ने चुप्पी साध ली है।