मथुरा। लॉकडाउन में दो माह के बाद एक बार फिर वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में गैर शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी अपने विभागीय कार्यालयों में पहुंचे। अब सभी की उपस्थिति के बजाए यूनिवर्सिटी कर्मचारियों की मौजूदगी का रोस्टर जारी करने जा रही है।
25 मार्च से प्रभावी हुए लॉकडाउन के चलते यूपी वेटरनेरी यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर ब्रेक लगा हुआ था। अधिकांश छात्र-छात्राएं भी घर चले गए। दो माह की इस स्थिति के बाद आखिरकार बुधवार से एक बार फिर गैर शैक्षणिक गतिविधियों को शुरू किया है। मुख्य कार्मिक अधिकारी के आदेशानुसार अधिकांश अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी अपने कार्यालय पहुंचे।
इससे सभी कार्यालयों में चहल-पहल नजर आई। पिछले कई दिनों से लगातार कार्यालय पहुंच रहे कुलपति प्रो. जीके सिंह बुधवार को भी अपने कार्यालय पहुंचे और कुछ आवश्यक काम भी किए। अब कुलपति के निर्देश पर सभी कर्मचारियों को एक साथ न बुलाते हुए रोस्टर के मुताबिक कार्यालय बुलाए जाने निर्णय लिया गया है। इसके लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। हालांकि विभागीय कार्यालयों को खोले जाने को लेकर यूनिवर्सिटी में चर्चाएं बनी हुई हैं।