मथुरा। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जल्द ही जिले में किशोरियों को सिंगल डोज ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहताश सिंह ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गंभीर बीमारी है। समय पर एचपीवी वैक्सीनेशन के जरिए इससे बचाव संभव है। जल्द ही जिले भर में अभियान चलाकर 14 से 15 साल के बीच की किशोरियों को टीका लगाया जाएगा। जिले में 31436 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला है। इनमें शहर में 8 हजार तथा ग्रामीण क्षेत्र में 23436 किशोरियों को टीका लगाया जाएगा। आगरा से जिले को गार्डासिल वैक्सीन की 7800 डोज प्राप्त हो गई हैं। गत दिवस टीकाकरण अभियान को लेकर एक होटल में बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण का प्रशिक्षण दिया गया।
यू विन पोर्टल पर करा सकते हैं पंजीकरण
सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए किशोरी एवं उनके परिजन यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। कोविड वैक्सीन की तरह पंजीकरण के बाद उन्हें स्लॉट मिलेगा। इसके बाद पास के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर किशोरी वैक्सीन लगवा सकती है। पंजीकरण के लिए विभाग की वेबसाइट पर uwin.mohfw.gov.in पर जाएं। अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी के माध्यम से लॉग इन करें। Add Beneficiary पर क्लिक करें और लाभार्थी का विवरण (नाम, जन्मतिथि, लिंग, आधार/आईडी) भरें। अपॉइंटमेंट बुक करें: टीकाकरण केंद्र (केंद्रीकृत या नज़दीकी) का स्लॉट का चयन करें। विवरण की जांच करें और अपॉइंटमेंट की पुष्टि करें।