मथुरा। यूपी रेरा ने मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की फरह के रहीमपुर व छाता में आवासीय योजना के निर्माण की मंजूरी दे दी है। ये जिले की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजनाएं होंगी। इसमें फॉर्म हाउस जैसी कई और बेहतरीन सुविधाएं बनाने का प्रस्ताव है। निर्माण कार्य के लिए अब जमीन की खरीद-फरोख्त शुरू होगी।
फरह के रहीमपुर में 232 एकड़ भूमि और छाता में भी करीब इतनी ही भूमि पर आवासीय योजना के निर्माण की कवायद है। इनमें ब्रज की पौराणिक थीम पर आधारित पौधरोपण किया जाएगा। इससे श्रद्धालु व पर्यटक टाउनशिप में प्रवास के लिए आकर्षित हो सकेंगे। इसके अलावा रेसीडेंसीयल, कॅमर्शियल, अस्पताल, वेयर हाउस, थीमपार्क, रिसोर्ट, वेलनेस रिसोर्ट, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, फूड प्लाजा, फैक्ट्री आउटलेट, शैक्षणिक क्षेत्र एसटीपी प्लांट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही दो मुख्य 30 मीटर के मार्गों को आपस में कनेक्ट किया जाएगा। एमवीडीए सचिव आशीष सिंह ने बताया कि दोनों योजनाओं का खाका तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया है। मंगलवार को दोनों आवासीय योजनाओं को यूपी रेरा ने मंजूरी दे दी है।