चौमुहां। थाना जैंत क्षेत्र के गांव आझई खुर्द में खेत की बाउंड्रीवाल तोड़ने, 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना शेरगढ़ के गांंव रान्हेरा निवासी योगेश उपाध्याय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने आझई खुर्द क्षेत्र में खसरा संख्या-134 पर स्थित 0.1426 हेक्टेयर कृषि भूमि भुवनेश्वर पुत्र नवल सिंह से खरीदी थी। जमीन का दाखिल-खारिज भी योगेश के नाम हो चुका है और उस पर उनका कब्जा है। पीड़ित का आरोप है कि बीते दिनों आझई निवासी भुवनेश्वर उर्फ नवाब, मुक्की और उनके साथियों ने मिलकर योगेश की जमीन पर बनी बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। जब योगेश ने फोन पर इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने स्पष्ट शब्दों में 20 लाख रुपये की मांग की।
आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले, तो वह जमीन पर कोई निर्माण नहीं होने देंगे। योगेश ने बताया कि उनके पास धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। पीड़ित की शिकायत पर थाना जैत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।