क्रिकेट लीग सीजन 2 में विजेता टीम को ट्राफी देते वृंदा ग्रुप के चेयरमैन राम अग्रवाल।
मथुरा। नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बीसीएल (बिग क्रिकेट लीग) सीजन-2 के शनिवार रात खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में यूपी ब्रिज स्टार्स ने गुजरात डायमंड्स को 4 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी ब्रिज स्टार्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात डायमंड्स की टीम कड़े संघर्ष के बावजूद 161 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह यूपी ब्रिज स्टार्स ने चार रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। टीम के कप्तान चिराग गांधी ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विजेता टीम को ट्रॉफी यूपी ब्रिज स्टार्स के मालिक एवं श्री वृंदा ग्रुप के चेयरमैन राम अग्रवाल ने प्रदान की। इस अवसर पर श्री वृंदा ग्रुप के प्रबंध निदेशक राघव अग्रवाल, निदेशक केके गौतम तथा टीम के सचेतक नेत्रपाल सोलंकी मौजूद रहे।