पिता की पुण्यतिथि पर बेटी दीपिका बनी जिला टॉपर
हाईस्कूल में जिला टॉप करने वाली केएचडी इंटर कॉलेज महावन की छात्रा दीपिका मिश्रा ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ यह उपलब्धि हासिल की है। स्व.नरेंद्र मिश्रा की पुत्री दीपिका सिविल सेवा में जाना चाहती है। महावन की रहने वाली दीपिका के पिता की का स्वर्गवास 27 जून को ही 12 साल पहले हुआ था। अपनी सफलता का श्रेय वह शिक्षकों के साथ अपनी बुआ भारती मिश्रा को देना चाहती है। उनकी प्रेरणा के सहारे ही दीपिका ने यह कामयाबी हासिल की है। दीपिका के दादा जुगलकिशोर मिश्रा यजमानी करते हैं।
आईआईटी को बनाया है अपना लक्ष्य : कन्हैया
जनपद में हाईस्कूल के सेकेंड टॉपर मां भगवती इंटर कॉलेज भूडरी राया के छात्र कन्हैया सिंह ने बताया कि वह आईआईटी के माध्यम से देश सेवा करना चाहते है। गांव गढ़ी कीर्तियां निवासी कन्हैया के पिता हरवंश किसान होने के साथ प्राइवेट विद्यालय में शक्षिक भी हैं। कन्हैया को उनका सहयोग बढ़े स्तर पर मिला है। इसके लिए कन्हैया अपने पिता को आज की कामयाबी का श्रेय भी देता है।
इंजीनियर बनकर देश सेवा की इच्छा: माधव
हाईस्कूल की जनपद टॉपर्स की सूची में 89.5 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहे श्रीकृष्णचंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मथुरा के छात्र माधव अग्रवाल इंजीनियर बनना चाहते हैं। जयसिंहपुरा स्थित गणेशटीला निवासी चंद्रप्रकाश अग्रवाल के पुत्र माधव की इच्छा इंजीनियर बनकर देश सेवा करने की है। वे कहते हैं कि उन्हें इस मुकाम को हासिल करने में शिक्षकों के साथ अभिभावकों का पूूूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है।
हाईस्कूल में सेकेंड टॉपर्स रहे सचिन इंटर में बने टॉपर
यूपी बोर्ड की इंटर परीक्षा में जनपद के टॉपर बने डॉ. चरनलाल सारस्वत इंटर कॉलेज सौंख रोड मथुरा के विज्ञान वर्ग के छात्र सचिन 2018 में हाईस्कूल में भी जिले के सेकेंड टॉपर रहे हैं। आईएएस बनने की तमन्ना रखने वाले सचिन के पिता विद्युत निगम में संविदा कर्मी हैं। 12 से 13 घंटे तक अध्ययन करने वाले छात्र सचिन शुरू से ही पढ़ने के प्रति लग्नशील हैं। वे इस कामयाबी का श्रेय अपने शिक्षकों के साथ परिवार को भी देते हैं।
बड़ी बहन जिले में सेकेंड तो छोटी चौथे स्थान पर
प्रेमदेवी गर्ल्स इंटर कॉलेज राया की विज्ञान वर्ग की छात्रा डौली अग्रवाल वैज्ञानिक बनना चाहती है। काकाजी नगर राया निवासी डौली की छोटी बहन भी इस बार हाईस्कूल में जनपद में चौथे स्थान पर है। डौली हाईस्कूल की परीक्षा परिणाम के दौरान जनपद में टॉप टेन की सूची में आठवें स्थान पर थी। दोनों बहने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने परिवार के साथ शिक्षकों को भी देती हैं।
सीए बनना चाहते हैं रोहित यादव
श्रीकृष्णचंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र रोहित यादव जनपद में तीसरे स्थान पर हैं। सीए बनने की तैयारी में जुटे रोहित अपनी इस कामयाबी के लिए शिक्षक और परिवार को श्रेय देते हैं। वह बताते हैं कि इस मुकाम के लिए उन्होंने सात-आठ घंटे नियमित पढ़ाई की। प्राइवेट नौकरी करने वाले पिता हरपाल यादव को भी अपने बेटे की इस उपलब्धि पर नाज है।