फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: श्रीरंगनाथ मंदिर में सजा अद्वितीय फूल बंगला

विज्ञापन
मथुरा। वृंदावन के श्री रंगनाथ मंदिर में सजा अद्वितीय फूल बंगला। - फोटो : mathura
विज्ञापन
वृंदावन। उत्तर भारत के प्रमुख वैष्णव तीर्थों में शुमार श्रीरंगनाथ मंदिर में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। वर्ष में केवल एक बार सजने वाले विशेष फूल बंगला उत्सव के अवसर पर ठाकुर गोदारंगमन्नार की दिव्य छवि के दर्शन को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
विज्ञापन

गर्मी के मौसम में ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से श्री वैष्णव संप्रदाय के इस ऐतिहासिक मंदिर में ठाकुरजी को फूलों से सुसज्जित बंगले में विराजमान किया जाता है।
जैसे ही बुधवार की संध्या को फूल बंगला के दर्शन के लिए पट खोले गए, मंदिर परिसर रंगनाथ भगवान की जय के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में स्वर्ण गरुड़ स्तंभ परिसर में एकत्रित हुए और ठाकुरजी की अनुपम छवि को निहारते रहे।
विज्ञापन

फूलों से सजा आकर्षक बंगला देसी सुगंधित और शीतलता देने वाले फूलों से तैयार किया गया था। प्रसिद्ध कलाकार जुगल किशोर शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा केले के पत्तों पर उकेरी गई श्री वैष्णव संप्रदाय के संतों की छवियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
जगमोहन मंडप में सजे भव्य फूल बंगले में विराजित भगवान रंगनाथ, माता गोदा देवी एवं उनके समस्त परिकर की अलौकिक छवि अत्यंत मनोहारी थी। वहीं कृत्रिम यमुना सरोवर में उकेरी गई गोवर्धन पर्वत की झलक और उसमें चलती हुई नाव की कलाकृति श्रद्धालुओं को ब्रज की दिव्य लीलाओं का प्रत्यक्ष अनुभव करा रही थी। श्रद्धालुओं ने घंटों मंदिर में रुककर भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें