कोसीकलां (मथुरा)। थाना क्षेत्र के होटल कंट्री इन परिसर में पेड़ों की शिफ्टिंग कराने पर होटल प्रबंधक समेत चार के खिलाफ वन विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली हाईवे पर कोसीकलां क्षेत्र में होटल कंट्री इन संचालित है। बीते कुछ दिनों से होटल परिसर में 46 हरे पेड़ों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था। मामले की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में की गई थी। इसके बाद एक टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। जांच के बाद बुधवार को क्षेत्रीय वन दरोगा राजवीर सिंह ने मामले में वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने वन दरोगा की तहरीर पर अवैध रूप से पेड़ों की शिफ्टिंग करने के लिए प्रबंधक महेंद्र ओसवाल, गाजियाबाद के वसंधुरा निवासी सुमीर नारायन, जीवनतारा अपार्टमेंट संसदीय मार्ग नई दिल्ली निवासी एमसी पाठक और मिनाऊ नई दिल्ली निवासी बदन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चौकी प्रभारी कोटवन उप निरीक्षक अरविंद कुमार को सौंपी गई है।